माफियाओं पर चला खनिज निरीक्षक का डंडा: कटंगपाली-मौहापाली में अवैध डोलोमाइट खदान पर खनिज विभाग की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई,,,

Mineral Inspector cracks down on mafia: Mineral Department’s biggest action yet on illegal dolomite mine in Katangpali-Mohapali,,,

___8 पोकलेन, 19 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी समेत कुल 28 वाहन जब्त; माफियाओं में हड़कंप,,,


सारंगढ़-बिलाईगढ़-बरमकेला-सरिया :- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटंगपाली (मौहापाली) में लंबे समय से चल रहे अवैध डोलोमाइट खनन के काले कारोबार पर प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी चोट की है। जिला कलेक्टर के कड़े निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए मौके से 8 पोकलेन मशीन, 19 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी समेत कुल 28 वाहनों को जब्त किया है। इस बड़ी दबिश से पूरे जिले के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जब्त की गई सभी गाड़ियों और मशीनों को मौहापाली के कोटवार की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

खबर का हुआ बड़ा असर, कलेक्टर ने लिया संज्ञान :-
गौरतलब है कि कटंगपाली-मौहापाली क्षेत्र में दिन-रात बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर शासन को चूना लगाया जा रहा था। इस गंभीर मुद्दे को मीडिया द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था। खबरों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद खनिज विभाग ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पर्यावरण और राजस्व दोनों को लग रहा था चूना :-
खनन माफियाओं द्वारा किए जा रहे इस अवैध कारोबार से न केवल शासन को हर महीने लाखों-करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरण, जीव-जंतुओं और स्थानीय ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी इसका बेहद घातक असर पड़ रहा था। इस कार्रवाई से पर्यावरण संतुलन और राजस्व क्षति पर रोक लगेगी।

खनिज निरीक्षक विवेक चंद्राकर की ‘कलम’ का खौफ :-
जब से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज निरीक्षक के रूप में विवेक कुमार चंद्राकर ने पदभार संभाला है, तब से अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के हौसले पस्त नजर आ रहे हैं। एक समय ऐसा लग रहा था कि क्षेत्र के रसूखदार खनन माफियाओं पर लगाम लगाना नामुमकिन है और कानून का उन्हें कोई डर नहीं था। लेकिन खनिज निरीक्षक चंद्राकर की अगुवाई में टीम रात-दिन कार्रवाई कर रही है, जिससे अब जिला भर में अवैध उत्खनन, क्रशिंग और परिवहन पर अंकुश लगता दिखाई दे रहा है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई: प्रशासन :-
एक साथ 28 भारी वाहनों और मशीनों की जब्ती को जिला प्रशासन की एक बहुत बड़ी सफलता माना जा रहा है। जिला प्रशासन और खनिज विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन, क्रशिंग, भंडारण और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में भी ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️✍️भ्रष्ट्राचारियों को,,,
✍️जब तक तोड़ेंगे नहीं 📝तब तक छोड़ेंगे नहीं✍️

✍️कलम का बादशाह✍️

RECENT ARTICLES

Most Popular